
मूल समाचार पत्र कटिंग / Press Clipping
Published on 21 October 2026
Official Temple Administration
मंदिर सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दी जाएगी प्राथमिकता: एसडीओ
कतरन बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल में प्रशासनिक गतिविधियों और विकास कार्यों से संबंधित है|
खबर सुनेंAudioदैनिक भास्कर स्टाइल वाचक
ऑडियो वाचक सक्रिय
शुरू करने के लिए प्ले करें:मंदिर सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दी जाएगी प्राथमिकता: एसडीओ
0:00वाक्य 1 / 233:35
अनुमंडल पदाधिकारी सह अध्यक्ष किशन कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम मंदिर न्यास समिति की द्वितीय त्रैमासिक बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा आय-व्यय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज द्वारा पिछले छह माह के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए इसे सार्वजनिक किया गया। कोषाध्यक्ष ने मंदिर के चढ़ावा, मुंडन, दान व अन्य स्रोतों से प्राप्त आय तथा मंदिर रखरखाव, पूजा सामग्री, कर्मचारियों के वेतन और विकास कार्यों पर हुए व्यय का विवरण रखा। समिति के सदस्यों ने आय-व्यय विवरण की समीक्षा करते हुए वित्तीय पारदर्शिता एवं बेहतर प्रबंधन पर बल दिया। इस अवसर पर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही आगामी श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर भी सहमति बनी। आगामी निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। कोषाध्यक्ष ने बताया कि बीते दस माह में चढ़ावा, विवाह, मुंडन एवं अन्य स्रोतों से 1,293,730 (बारह लाख तेरानवे हजार सात सौ तीस) रुपये की आय हुई। ऑनलाइन माध्यम से श्रद्धालुओं द्वारा 94,039 रुपये का दान प्राप्त हुआ। वहीं मंदिर जीर्णोद्धार कार्यों में मुख्य गर्भगृह में ग्रेनाइट पत्थर, पांच छोटे मंदिरों में टाइल्स, हवनकुण्ड के टाइल्स, कुआं के पास पेयजल, स्नानघर, कपड़ा चेंजिंग रूम, पानी टंकी तथा (आइसर) जनरेटर खरीदगी पर अब तक 1,031,699 (दस लाख इकतीस हजार छह सौ निन्यानवे) रुपये से अधिक राशि व्यय की गई। बताया गया कि बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना द्वारा मंदिर विकास कार्य के लिए 20 लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई है। वर्तमान में मंदिर के बैंक खाते में 2,094,039 रुपये उपलब्ध हैं। जिन्हें विकास मद में व्यय किया जाएगा। आगामी श्रावणी मेले के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। मंदिर सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने कहा कि विद्यापतिधाम क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन और न्यास समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मंदिर के समग्र विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान बीडीओ महाताब अंसारी, न्यास समिति के उपाध्यक्ष मणिकांत सिंह, सदस्य हरिओम गिरि, कैलाश पासवान, संजय कुमार ठाकुर, प्रवीण गिरि, दीनदयाल गिरि एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
