
मूल समाचार पत्र कटिंग / Press Clipping
Published on 2 August 2026
Official Temple Administration
सावन के प्रथम रविवार को विद्यापतिधाम में जलाभिषेक को उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
सावन के पहले रविवार को विद्यापतिधाम स्थित श्री बालेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि प्रशासन और न्यास समिति ने सुरक्षा, साफ-सफाई तथा कतारबद्ध दर्शन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की।
खबर सुनेंAudioदैनिक भास्कर स्टाइल वाचक
ऑडियो वाचक सक्रिय
शुरू करने के लिए प्ले करें:सावन के प्रथम रविवार को विद्यापतिधाम में जलाभिषेक को उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
0:00वाक्य 1 / 162:38
सन्मार्ग/विद्यापतिनगर/सं। बाबा भोले नाथ को प्रिय पावन श्रावण मास के प्रथम रविवार को भक्त और भगवान की मिलन स्थली विद्यापतिधाम स्थित श्री बालेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय रहा। समस्तीपुर सहित बेगूसराय, दरभंगा, खगड़िया तथा आसपास के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विद्यापतिधाम पहुंचे। जहां शिवभक्तों व श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधिविधान से रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। श्रावणी मेला को लेकर श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, कतारबद्ध दर्शन तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल एवं दंडाधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी पुकार गिरि, लालबाबू गिरि ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस पावन माह में श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था के कारण पूरे सावन भर विद्यापतिधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा प्रशासन एवं न्यास समिति के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यापतिधाम में दर्शन की व्यवस्था पहले की अपेक्षा और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हुई है।
