
मूल समाचार पत्र कटिंग / Press Clipping
Published on 5 August 2026
Official Temple Administration
दूसरी सोमवारी पर बाबा विद्यापति धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
यह समाचार मुख्य रूप से बाबा विद्यापति धाम में सावन के दूसरे सोमवार को उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब के बारे में है, जहां लगभग 40 हजार भक्तों ने जलाभिषेक किया। इसके साथ ही, इस खबर में सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर परिसर में चेन व जितिया छिनैती की घटनाओं और एक अज्ञात युवक के शव की पहचान होने की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है।
खबर सुनेंAudioदैनिक भास्कर स्टाइल वाचक
ऑडियो वाचक सक्रिय
शुरू करने के लिए प्ले करें:दूसरी सोमवारी पर बाबा विद्यापति धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
0:00वाक्य 1 / 506:52
दूसरी सोमवारी पर बाबा विद्यापति धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
विद्यापतिनगर।
श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर बाबा विद्यापति धाम में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। दिनभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा विद्यापतिनगर गूंजता रहा। अनुमान के अनुसार करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा विद्यापति नाथ के दरबार में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा को जल, दूध, बेलपत्र और फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया था। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी करते रहे। वहीं बीडीओ महताब अंसारी, अंचल अधिकारी कुमार हर्ष, थाना प्रभारी सूरज कुमार और निर्वाचन पदाधिकारी रवि रंजन भी व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे।
जितिया छीनने की घटना, तीन संदिग्ध महिलाएं हिरासत में
भारी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग और आभूषण चोरी की घटनाओं को लेकर भी मंदिर परिसर में सतर्कता रही। बढ़ीना पंचायत के कुबेर टोल निवासी राहुल कुमार अपनी बहन के साथ बाबा विद्यापति धाम में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बहन के गले से जितिया छीनने की घटना सामने आई। मामले में तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा गया, जिन्हें मंदिर प्रशासन द्वारा पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों महिलाएं मुजफ्फरपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं। स्थानीय नन्हे गिरी के अनुसार, पूर्व मंदिर कमेटी सदस्य सतीश गिरी की सक्रियता से जितिया बरामद कराने में महत्वपूर्ण मदद मिली। बताया गया कि सतीश गिरी ने एक संदिग्ध युवक को महिला के गले से जितिया खींचते हुए देख लिया था। युवक मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन भागते समय जितिया छोड़ गया, जिससे महिला का आभूषण बरामद हो गया।
चेन स्नेचिंग रोकने को कमेटी और प्रशासन की पैनी नजर
मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने बताया कि मंदिर में चेन स्नेचिंग सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए मंदिर कमेटी के वोलेंटियर, सदस्य और प्रशासन लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर में लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं सोमवारी को लेकर बजरंगी चौक पर मजिस्ट्रेट के साथ करीब 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। नाम नहीं बताने की शर्त पर कुछ पुलिसकर्मियों ने बताया कि उमस भरी गर्मी में लंबे समय तक ड्यूटी करने के बावजूद उनके लिए समय पर नाश्ता और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। पुलिसकर्मियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 से 1 बजे तक भी नाश्ता-पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी। उन्होंने इसे व्यवस्था में लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई।
बेचन बाबा भोजनालय में देर रात लगी आग, करीब 20 हजार का नुकसान। इधर, सोमवार की देर रात विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र में स्थित बेचन बाबा भोजनालय में आग लगने की घटना भी सामने आई। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने से भोजनालय में रखे सामान को नुकसान पहुंचा और करीब 20 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान जताया गया है। आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। श्रावण की दूसरी सोमवारी पर एक ओर जहां बाबा विद्यापति धाम
अरेराज के पार्वती पोखरा से मिले अज्ञात युवक के शव की हुई पहचान, संग्रामपुर के छोटू कुमार के रूप में हुई
राकेश दास / मोतिहारी
मोतिहारी/अरेराज। श्री सोमेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित पार्वती पोखरा से बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान कर ली गई है। काफी मशक्कत और प्रयास के बाद मृत युवक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबनी निवासी सुरेंद्र शर्मा के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार को पार्वती पोखरा से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने के बाद अरेराज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया था। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की गई। सोशल मीडिया पर भी मृतक की तस्वीर और जानकारी साझा कर लोगों से पहचान में सहयोग की अपील की गई। लगातार प्रयास के बाद मृतक की पहचान छोटू कुमार के रूप में हुई। पहचान होने की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अरेराज पहुंचे। अरेराज पुलिस ने शव को आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
