
मूल समाचार पत्र कटिंग / Press Clipping
Published on 22 October 2026
Official Temple Administration
विद्यापति महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी
विद्यापतिनगर में तीन दिवसीय राजकीय विद्यापति महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसका उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी करेंगे और इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
खबर सुनेंAudioदैनिक भास्कर स्टाइल वाचक
ऑडियो वाचक सक्रिय
शुरू करने के लिए प्ले करें:विद्यापति महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी
0:00वाक्य 1 / 273:39
विद्यापति महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी आज करेंगे शुभारंभ। विद्यापतिनगर, संस : भक्त व भगवान की नगरी विद्यापतिधाम अगले तीन दिनों तक भक्ति, अध्यात्म, साहित्य और संस्कृति की अनूठी संगम स्थली के रूप में हजारों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। सन 1952 ई. से निरंतर स्थानीय आस्थावान साहित्य व समाज सेवियों के पारस्परिक सहयोग व राज्य सरकार की ओर से पांचवी दफा मनाए जाने वाले विद्यापति राजकीय महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बाबत जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी करेंगे। इस दौरान महाकवि कोकिल विद्यापति जी के प्रति श्रद्धांजलि सभा मुख्य कला मंच पर आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात पार्श्व स्थित विद्यापतिधाम रेलवे मैदान में विश्व विख्यात भजन गायिका अनुराधा पौडवाल द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस महोत्सव के दौरान मंत्री महेश्वर हजारी, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, डा. मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, सांसद नित्यानंद राय, रामचंद्र पासवान, चौधरी महबूब अली कैसर, विप सदस्य राणा गंगेश्वर प्रसाद सिंह, हरिनारायण चौधरी, विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन, डा. अशोक कुमार, एज्या यादव सहित सभी विधायक व जिप अध्यक्ष प्रेमलता अतिविशिष्ट अतिथि के रूप आमंत्रित किया गया है। डीएम ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। दूधिया रोशनी में होगा कार्यक्रम का आयोजन: महोत्सव को लेकर विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर, विद्यापति स्मारक सहित आसपास के इलाकों में रंग-रोगन कराने के उपरांत प्रकाश की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा गैलरी युक्त भव्य पंडाल का निर्माण करवाया गया है। ताकि आगंतुकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के मद्देनजर जगह-जगह होर्डिंग्स, तोरण द्वार बनवाया गया है। डीएम ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन विराट कवि सम्मेलन व रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं अंतिम दिन स्कूली बच्चों के बीच क्विज व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। तदुपरांत समापन समारोह सम्पन्न होगा। इधर, कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के मद्देनजर एसडीएम विष्णुदेव मंडल, डीएसपी संतोष कुमार, अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर कांग्रेस नेता धीरेन्द्र कुमार सिंह, पूर्व मुखिया गणेश गिरी, चन्द्रमोहन सिंह, मुखिया प्रेमशंकर सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष हरेश प्रसाद सिंह, कवि-लेखक व कवि डा. सुधीर प्रसाद सिंह, सीओ रमेश कुमार, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, कैलाश पासवान, नवल गिरी, चतुरानन गिरी, नाथो कुमार, अंतेश कुमार सिंह, गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे। इधर कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन से विशेष पुलिस बल की तैनाती की गयी है। वही जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ताकि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
